गोलीकांड में घायल प्रधान आरक्षक की मौत,आरोपी पर हत्या का केस दर्ज होगा
सतना | जैतवारा थाना परिसर में 28 अप्रैल की रात को गोली लगने से घायल हुए प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग का शुक्रवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स अस्पताल में सुबह 8 बजे अंतिम सांस ली। इस घटना की पुष्टि एसपी आशुतोष गुप्ता ने की है।
प्रिंस गर्ग को पहले रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया था, फिर उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली एयरलिफ्ट किया गया। गंभीर इन्फेक्शन के चलते डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
क्या था मामला?
28 अप्रैल की रात करीब 12 बजे जैतवारा थाना परिसर में प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग खाना खा रहे थे। तभी मुंह ढंके एक युवक ने कमरे के बाहर से उन्हें आवाज दी। जैसे ही गर्ग बाहर आए, युवक ने कट्टे से गोली चला दी, जो उनके कंधे के पास लगी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद प्रिंस गर्ग को जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर 7 मई की रात उन्हें पीएम श्री एयर एंबुलेंस के जरिए दिल्ली ले जाया गया था।
परिजनों ने मांगी थी मदद, सीएम तक पहुंचा मामला
घटना के बाद परिजनों ने भाजपा जिलाध्यक्ष भगवती पांडे से मदद की गुहार लगाई थी। जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से संपर्क कर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करवाई। इसके बावजूद, संक्रमण के चलते प्रिंस गर्ग की जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस जांच में सामने आया कारण
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी आदर्श शर्मा उर्फ अच्छू बाइक चोरी के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए जाने से नाराज था। इसी नाराजगी में उसने प्रधान आरक्षक पर हमला किया। आरोपी को शॉर्ट एनकाउंटर में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अब उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
गांव में मातम का माहौल
प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग की मौत की खबर जैसे ही उनके गृह ग्राम महादेव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन और गांववाले गहरे सदमे में हैं। साथी पुलिसकर्मी भी इस दर्दनाक हादसे से व्यथित हैं।








