MP में सहकारी समितियों के चुनाव फिर एक साल टले, पंचायत-निकाय चुनावों पर भी संकट के बादल
प्रदेश की 4,536 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में नहीं होंगे फिलहाल चुनाव, वर्ष 2018 से निर्वाचित प्रतिनिधियों का इंतजार; जनगणना और नए परिसीमन के कारण स्थानीय चुनाव भी अटक सकते हैं
भोपाल। मध्य प्रदेश में सहकारी संस्थाओं के चुनाव एक बार फिर टाल दिए गए हैं। प्रदेश की 4,536 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स) में अब एक साल बाद ही चुनाव होने की संभावना है। वर्ष 2018 से इन समितियों के चुनाव लंबित हैं। इसके चलते जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के चुनाव भी प्रभावित हो रहे हैं। दूसरी ओर, अगले साल मई-जून में प्रस्तावित पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों पर भी संशय के बादल मंडराने लगे हैं।
सरकार का कहना है कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के विस्तार, नई समितियों के गठन और परिसीमन की प्रक्रिया चल रही है। सदस्यता का निर्धारण और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही चुनाव कराए जा सकेंगे। इसी वजह से चुनाव एक साल आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।
https://www.facebook.com/share/p/19vkJnpVNz/
2018 से लंबित हैं सहकारी समितियों के चुनाव
प्रदेश में सहकारी समितियों के चुनाव वर्ष 2018 में होने थे, लेकिन अलग-अलग कारणों से प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ती रही। पहले कर्जमाफी, फिर कोरोना महामारी, नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव, वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव तथा लोकसभा चुनाव के चलते चुनाव नहीं हो सके।
इसके बाद केंद्र सरकार के निर्देश पर समितियों के विस्तार और परिसीमन की प्रक्रिया शुरू हुई। इस दौरान प्रदेश में 1,763 नई समितियां बढ़ाई गईं। अब नई समितियों की व्यवस्था और सदस्यता निर्धारण के कारण चुनाव प्रक्रिया फिर आगे बढ़ा दी गई है।
जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी होंगे प्रभावित
प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के चुनाव के बाद जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों की चुनाव प्रक्रिया पूरी होती है। इन बैंकों के चुनाव में पैक्स समितियों के प्रतिनिधि मतदाता होते हैं। ऐसे में समितियों के चुनाव नहीं होने से जिला सहकारी बैंकों के चुनाव भी लंबित रहेंगे।
पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों पर भी संशय
प्रदेश में अगले साल मई-जून में पंचायत और नगरीय निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं, लेकिन इनके समय पर होने की संभावना भी कम दिखाई दे रही है। राज्य सरकार नया परिसीमन कराने के बाद चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाना चाहती है। फिलहाल जनगणना का काम जारी होने के कारण प्रशासनिक इकाइयों की सीमाएं फ्रीज हैं। ऐसे में नए सिरे से परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने में समय लग सकता है।
सरकार ने प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए आयोग गठित किया है। आयोग को संभाग स्तर पर सुनवाई, जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक और रिपोर्ट तैयार करने जैसी प्रक्रियाएं पूरी करनी हैं। इसके बाद दावे-आपत्तियां आमंत्रित होंगी और नई प्रशासनिक इकाइयों का गठन या सीमाओं में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद ही पंचायत और नगरीय निकायों का परिसीमन संभव होगा।
उमंग सिंघार ने सरकार के फैसले पर उठाए सवाल
सहकारी समितियों के चुनाव एक साल आगे बढ़ाने के फैसले पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव का सामना नहीं करना चाहती, क्योंकि चुनाव होने पर जनता की भावनाएं सामने आएंगी।
इस तरह प्रदेश में सहकारी समितियों के निर्वाचित प्रतिनिधियों की वापसी का इंतजार और लंबा हो गया है। वहीं पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों की तारीखों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होने में अभी समय लग सकता है।
https://sidhi24news.in/archives/30740









1 thought on “MP में सहकारी समितियों के चुनाव फिर एक साल टले”