ढोंगा बांध के भू-अर्जन पर किसानों का हंगामा, निर्माण कार्य रुकवाया
2013 के भू-अर्जन कानून के उल्लंघन का आरोप, 18 से अधिक प्रभावित किसानों ने जताया विरोध; महिलाओं ने संभाला मोर्चा, मौके पर पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम
सिंगरौली। जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढोंगा में बांध निर्माण परियोजना के लिए किए जा रहे भू-अर्जन को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए 18 से अधिक प्रभावित किसान निर्माण स्थल पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। किसानों ने आरोप लगाया कि भू-अर्जन की प्रक्रिया में वर्ष 2013 के भूमि अर्जन कानून के प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है।
विरोध प्रदर्शन में महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी मांगों को लेकर मोर्चा संभाला। प्रभावित किसानों का कहना है कि जब तक भूमि अर्जन से संबंधित सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी नहीं होतीं, उचित मुआवजा नहीं मिलता और प्रभावित परिवारों के वैधानिक अधिकारों का निराकरण नहीं किया जाता, तब तक बांध निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
अवार्ड हो चुका, आशिक रकबे का मामला : तहसीलदार
मामले में तहसीलदार प्रदीप सिंह ने बताया कि संबंधित भूमि का अवार्ड हो चुका है और प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले की स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी। तहसीलदार के अनुसार, इसके बाद ग्रामीणों द्वारा बांध निर्माण कार्य में कोई बाधा नहीं डाली जा रही है।
https://www.facebook.com/share/r/19qcnd8WQu/
मौके पर पहुंची राजस्व और पुलिस की टीम
किसानों के विरोध की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने प्रभावित किसानों से बातचीत कर उनकी आपत्तियां सुनीं और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, भू-अर्जन प्रक्रिया को लेकर किसानों द्वारा उठाए गए सवालों और संबंधित दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति अभी स्पष्ट होना बाकी है।
अवार्ड के बाद भी किसानों की आपत्ति क्यों?
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि जब प्रशासन के अनुसार भूमि का अवार्ड हो चुका है, तो फिर प्रभावित किसान विरोध क्यों कर रहे हैं? क्या सभी प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा मिल चुका है? क्या पुनर्वास और अन्य वैधानिक अधिकारों से जुड़ी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं?
बांध निर्माण जैसी महत्वपूर्ण परियोजना के नाम पर किसानों के अधिकारों की अनदेखी तो नहीं हो रही? प्रशासन को भू-अर्जन से जुड़े दस्तावेजों और किसानों की आपत्तियों की स्थिति सार्वजनिक कर वस्तुस्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। विकास परियोजना जरूरी है, लेकिन प्रभावित किसानों के कानूनी अधिकारों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
https://sidhi24news.in/archives/30743









1 thought on “ढोंगा बांध के भू-अर्जन पर किसानों का हंगामा, निर्माण कार्य रुकवाया”