सीधी में पांच साल बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती, 38 पदों पर आवेदन शुरू; 16 दिसंबर तक मौका
सीधी। जिले की ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने करीब पांच साल के अंतराल के बाद आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के तहत सीधी जिले के पांच विकासखंडों के 38 गांवों में एक-एक आशा कार्यकर्ता की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए कुल 38 पद आवंटित किए गए हैं।
इच्छुक एवं पात्र महिलाएं 16 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। भर्ती में संबंधित गांव की स्थायी निवासी विवाहित महिलाओं को ही आवेदन करने का अवसर मिलेगा। यानी जिस गांव में आशा कार्यकर्ता का पद निर्धारित किया गया है, उसी गांव की पात्र महिला उस पद के लिए आवेदन कर सकेगी।
ये हैं आवेदन के लिए जरूरी योग्यताएं
आवेदिका की आयु 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं उत्तीर्ण और विवाहित होना अनिवार्य है। संबंधित गांव की स्थायी निवासी होने की शर्त भी पूरी करनी होगी।
छह चरणों में पूरी होगी चयन प्रक्रिया
आशा कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया छह चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में 16 नवंबर से 16 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। दूसरे चरण में 17 से 25 दिसंबर तक प्राप्त आवेदनों को ग्रामसभा के सामने रखा जाएगा। इसके बाद 26 दिसंबर से 18 जनवरी 2027 तक ग्रामसभा चयन प्रस्तावों का अनुमोदन करेगी।
चौथे चरण में 19 जनवरी से 5 फरवरी तक जिला स्तर पर प्राप्त अपीलों का निराकरण होगा। पांचवें चरण में 6 से 25 फरवरी तक दावे-आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। अंतिम चरण में 26 फरवरी से 5 मार्च 2027 तक जिला स्वास्थ्य समिति चयन प्रक्रिया को अंतिम मंजूरी देगी।
ग्रामसभा की रहेगी अहम भूमिका
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए ग्रामसभा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसमें महिला कार्यकर्ताओं के साथ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला सीधी ने बताया कि भर्ती की जानकारी पात्र महिलाओं तक पहुंचाने के लिए ग्रामसभा स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने इच्छुक महिलाओं से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करें।
यहां करें ऑनलाइन आवेदन: एमपी ई-सेवा पोर्टल – http://esewa.mp.gov.in
सीधी: मछली पकड़ने गए युवक का नदी में मिला शव, दो दिन से तलाश कर रहे थे परिजन








