बकवा में जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल, होमस्टे हितग्राहियों को सिखाए जा रहे आतिथ्य प्रबंधन के गुर
पांच दिवसीय प्रशिक्षण में अतिथि सत्कार, स्वच्छता, भोजन प्रबंधन और ग्राम कथा-वाचन का दिया जा रहा व्यावहारिक ज्ञान, हर रात गूंज रही जनजातीय लोक संस्कृति की थाप
सीधी। जिले के जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा में ग्रामीण एवं जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से होमस्टे हितग्राहियों का पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड, भोपाल द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण में स्थानीय होमस्टे संचालकों और ग्राम पर्यटन समिति के सदस्यों को पर्यटकों के बेहतर आतिथ्य एवं आवासीय सुविधाओं के प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 23 नवंबर से शुरू हुए प्रशिक्षण के तीन दिन पूरे हो चुके हैं, जबकि कार्यक्रम 27 नवंबर तक चलेगा।
https://www.facebook.com/share/v/1J3G9TGQ3B/
प्रशिक्षण का उद्देश्य स्थानीय समुदाय को पर्यटन गतिविधियों से जोड़कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत प्रतिभागियों को अतिथियों का पारंपरिक स्वागत, होमस्टे की साफ-सफाई, कमरों का रखरखाव, बिस्तर लगाने, साज-सज्जा, रसोई एवं पुष्प उद्यान का विकास, भोजन तैयार कर-ने और परोसने की विधि सहित आतिथ्य प्रबंधन की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। इसके साथ ही पर्यटकों को गांव की संस्कृति, परंपराओं और विशेषताओं से परिचित कराने के लिए ग्राम कथा-वाचन का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक अमन वर्मा द्वारा विभिन्न गतिविधियों और व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से किया जा रहा है। कार्यक्रम को तकनीकी सहयोग टाटा स्ट्राइव दे रहा है, जबकि इन्द्रवती नाट्य समिति, सीधी सहयोगी संस्था के रूप में सहभागिता निभा रही है।
लोकनृत्यों से सजी बकवा की शाम

प्रशिक्षण का खास आकर्षण प्रतिदिन रात्रि में कहने वाली पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हैं। स्थानीय कलाकारों द्वारा करमा, सैला, अहिराई लाठी, गुदुम बाजा और चमरौहीं नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इन लोकनृत्यों के जरिए बकवा की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सामने लाने के साथ स्थानीय कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिल रहा है। यह पहल ग्रामीण संस्कृति को पर्यटन से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
कार्यक्रम में इन्द्रवती नाट्य समिति के सचिव नीरज कुंदेर, परियोजना सहयोग अधिकारी रोशनी प्रसाद मिश्र, ग्राम संयोजक रजनीश कुमार जायसवाल एवं सहयोगी प्रजीत कुमार साकेत की विशेष सहभागिता रही।
प्रशिक्षण में नीरज सिंह, संसार सिंह, चंद्रभान सिंह, रामदेव सिंह, लल्लू सिंह, अमेरिका घासी, रामनरेश सिंह, कुशल सिंह, कृष्ण प्रताप सिंह, तिलकराज सिंह मुखिया, केमला साकेत, छोटेलाल साकेत, रणबहादुर सिंह, दानबहादुर घासी, नन्हे घासी, हरिप्रसाद घासी, बुद्धसेन यादव, राजकुमार जायसवाल, जगन्नाथ जायसवाल, रामप्रसाद साकेत सहित किरणकली घासी, सुनीता सिंह, कलाबती सिंह, रामबती सिंह, आराधना सिंह, ममता सिंह, कौशिल्या सिंह एवं अनीता जायसवाल सहित अनेक हितग्राही भागीदारी कर रहे हैं।
पर्यटन से बदलेगी स्थानीय परिवारों की आर्थिक तस्वीर
उल्लेखनीय है कि जनजातीय पर्यटन ग्राम बकवा में होमस्टे आधारित पर्यटन विकास की यह पहल स्थानीय जनजातीय समुदाय की कला, संस्कृति, खानपान, पारंपरिक रहन-सहन और प्राकृतिक परिवेश को पर्यटन से जोड़ने का प्रयास है। इससे पर्यटकों को ग्रामीण एवं जनजातीय जीवन को करीब से जानने का अवसर मिलेगा, वहीं स्थानीय परिवारों के लिए आय और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। प्रशिक्षण के जरिए होमस्टे संचालकों की सेवा गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ने की उम्मीद है, जिससे बकवा को जिले के प्रमुख जनजातीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर-ने में मदद मिल सकती है।
https://sidhi24news.in/archives/30772









1 thought on “बकवा में जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल, होमस्टे हितग्राहियों को सिखाए जा रहे आतिथ्य प्रबंधन के गुर”