मऊगंज में एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 1.28 करोड़ का माल जब्त, चार आरोपी गिरफ्तार
मऊगंज। मऊगंज पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव में संचालित एक अवैध एमडी (MDMA) ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से करीब 1.28 करोड़ रुपये मूल्य का माल जब्त करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां तैयार होने वाली सिंथेटिक ड्रग्स की सप्लाई मुंबई, नागपुर और महाराष्ट्र के अन्य शहरों तक की जाती थी।
https://www.facebook.com/share/v/18xAKEag1y/
रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिझौली गांव स्थित एक मकान में छापेमारी की। मौके पर एमडी ड्रग्स बनाने का पूरा सेटअप संचालित मिला।
पुलिस ने फैक्ट्री से 360 ग्राम संदिग्ध एमडी ड्रग, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है, के साथ 300 लीटर से अधिक रासायनिक पदार्थ, एसिड, ओवन मशीन, वैक्यूम पंप, जनरेटर, हीटर, मोटर, मोटर कंट्रोलर, तापमान मापक उपकरण, कांच के फ्लास्क तथा एक महिंद्रा बोलेरो नियो वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 1 करोड़ 28 लाख रुपये बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चंदन सिंह (26) निवासी सोनवर्षा, अशोक गुप्ता (40) निवासी लालगांव, पीकचंद्र यादव (21) निवासी सोनवर्षा तथा ऋषभ सेन (18) निवासी शुकुलगवां, थाना गोविंदगढ़, जिला रीवा को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि मुख्य आरोपी चंदन सिंह पहले मुंबई के बदलापुर स्थित एक क्लब में कार्य करता था, जहां उसने अपने एक साथी से एमडी ड्रग्स बनाने की तकनीक सीखी। मुंबई में पुलिस कार्रवाई के बाद वह मध्य प्रदेश लौट आया और मार्च 2026 में बिझौली गांव में एक मकान किराये पर लेकर मकान मालिक को केमिकल बनाने का झांसा देकर गुप्त रूप से ड्रग्स का निर्माण शुरू कर दिया।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि यहां तैयार होने वाली ड्रग्स की सप्लाई मुंबई, नागपुर और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में की जाती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, केमिकल सप्लायरों और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। उन्हें न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। यह कार्रवाई रीवा संभाग में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
https://sidhi24news.in/archives/30141









