एमपी में सस्ता हुआ LPG सिलेंडर, 190 से 194 रुपये तक घटी कीमत; होटल-रेस्टोरेंट कारोबार को राहत
भोपाल। मध्य प्रदेश में शनिवार से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट लागू हो गए हैं। तेल विपणन कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 190 से 194 रुपये तक की कटौती की है। नई दरें लागू होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नई कीमतों के अनुसार भोपाल में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 2,743 रुपये में मिलेगा। इंदौर में इसकी कीमत 2,846 रुपये, जबलपुर में 2,957 रुपये, ग्वालियर में 2,963.50 रुपये और उज्जैन में 2,908 रुपये हो गई है।
होटल और कैटरिंग कारोबार को मिलेगी राहत
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगा होने से संचालन लागत बढ़ गई थी। इसके चलते कई स्थानों पर भोजन और कैटरिंग सेवाओं के दाम भी 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ाने पड़े थे। अब कीमतों में कमी आने से कारोबारियों को राहत मिलेगी और आने वाले समय में इसका लाभ ग्राहकों को भी मिल सकता है।
तीन महीने पहले कीमतों में आई थी तेज बढ़ोतरी
व्यापारियों के अनुसार, ईरान-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के दौरान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर एलपीजी की कीमतों पर भी पड़ा था। उस समय कई शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3,300 रुपये से अधिक पहुंच गई थी। जबकि इससे पहले इसकी कीमत लगभग 1,800 से 2,000 रुपये के बीच थी।https://www.facebook.com/share/v/1csMx4jjQH/
रीवा में सबसे महंगा, शाजापुर में सबसे सस्ता सिलेंडर
प्रदेश में नए रेट के मुताबिक रीवा में 19 किलो का कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर सबसे महंगा 2,991.50 रुपये का हो गया है। सिंगरौली और नरसिंहपुर में इसकी कीमत 2,989.50 रुपये तथा सतना में 2,989 रुपये है। वहीं शाजापुर में प्रदेश का सबसे सस्ता कमर्शियल सिलेंडर 2,749.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
व्यापारियों का मानना है कि कमर्शियल गैस की कीमतों में आई इस कमी से छोटे-बड़े होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और कैटरिंग व्यवसाय को आर्थिक राहत मिलेगी।
https://sidhi24news.in/archives/30260









