Re. No. MP-47–0010301

अक्वान तूफान का खतरा: MP-UP में बारिश का अलर्ट, लॉकडाउन की खबर भ्रामक

अक्वान चक्रवात का बढ़ा खतरा, 20 नवंबर को तट से टकराने की आशंका; MP में भी बदलेगा मौसम, लॉकडाउन की खबर भ्रामक

भोपाल। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अक्वान (Akvan) लगातार ताकतवर हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, 18 नवंबर को यह गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इसके चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी से अत्यंत भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, तूफान 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने और झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की आशंका है।

मध्य प्रदेश में भी दिखेगा तूफान का असर

अक्वान चक्रवात के प्रभाव से मध्य प्रदेश के मौसम में भी बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 21 नवंबर को कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ सकता है।

उत्तर प्रदेश में भी मौसम बदलेगा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। 21 नवंबर को गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

लॉकडाउन की खबर निकली भ्रामक

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि अक्वान तूफान के कारण अगले 20 घंटे में मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन लगाया जाएगा। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम बुलेटिन में ऐसा कोई निर्देश नहीं दिया गया है। दोनों राज्यों में लॉकडाउन लगाए जाने की भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।

ऐसे में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस दावे पर भरोसा करने से बचें। मौसम से जुड़ी सही और ताजा जानकारी के लिए मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों पर ही भरोसा करें।

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!