मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज करेंगे 2,500 करोड़ के अडानी डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास, शिवपुरी को मिलेगी बड़ी औद्योगिक सौगात
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 5 जुलाई को शिवपुरी जिले में अडानी समूह द्वारा स्थापित किए जा रहे लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास के साथ-साथ देश की रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। कार्यक्रम में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।https://sidhi24news.in/archives/30115
यह डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्लांट में आधुनिक तकनीक के आधार पर रक्षा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उपकरणों और प्रणालियों का निर्माण किया जाएगा, जिससे देश की आयात पर निर्भरता कम करने और स्वदेशी रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इस अवसर पर शिवपुरी जिले में 211.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी करेंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।
अडानी समूह की इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलने के साथ-साथ उनके कौशल विकास के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। इसके अलावा, क्षेत्र के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को रक्षा उत्पादन की सप्लाई चेन से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय उद्योगों को भी नई पहचान और आर्थिक मजबूती प्राप्त होगी।
राज्य सरकार का मानना है कि यह निवेश शिवपुरी को एक नए औद्योगिक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के शुरू होने से निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी तथा मध्यप्रदेश रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा। यह परियोजना प्रदेश में निवेशकों का विश्वास बढ़ाने के साथ-साथ औद्योगिक विकास के नए अध्याय की शुरुआत भी करेगी।https://www.facebook.com/share/p/17tPkATUUg/









