Re. No. MP-47–0010301

अस्पताल में चूहों के काटने से नवजात की मौत, एक गंभीर – प्रबंधन ने की बड़ी कार्रवाई

अस्पताल में चूहों के काटने से नवजात की मौत, एक गंभीर – प्रबंधन ने की बड़ी कार्रवाई

इंदौर। प्रदेश के सबसे बड़े शासकीय अस्पताल महाराजा यशवंतराव (एमवायएच) अस्पताल में सोमवार को सामने आई चौंकाने वाली लापरवाही ने चिकित्सा प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में चूहों के कुतरने से दो नवजात शिशु गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की मौत हो गई है जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल प्रबंधन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए नर्सिंग स्टाफ की दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। वहीं चार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही अस्पताल में पेस्ट कंट्रोल करने वाली एजेंसी पर ₹1 लाख का जुर्माना भी लगाया गया है।

डीन ने दी जानकारी

मेडिकल कॉलेज के डीन अरविंद घनघोरिया ने बताया कि जिन दो नवजातों पर चूहों ने हमला किया था, उनमें से 1 किलो 200 ग्राम वजनी बच्चा मंगलवार सुबह मौत का शिकार हो गया। दूसरा बच्चा, जिसका वजन 1 किलो 600 ग्राम है, गंभीर हालत में है। मृत बच्चे के परिजन इलाज के दौरान अस्पताल छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद डॉक्टर और नर्सें ही उसकी देखरेख कर रही थीं।

जिम्मेदारों पर गिरी गाज

घटना के बाद नर्सिंग ऑफिसर आकांक्षा बेंजामिन और श्वेता चौहान को तत्काल निलंबित कर दिया गया। वहीं सहायक प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर कलावती बलावी, नर्सिंग ऑफिसर प्रवीणा सिंह, प्रभारी नर्सिंग ऑफिसर पीआईसीयू डॉ. मनोज जोशी और पीडियाट्रिक्स सर्जरी विभाग के प्रभारी प्राध्यापक को शोकॉज नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा नर्सिंग सुपरिटेंडेंट मारग्रेट जोसफ को पद से हटाकर उनके स्थान पर दयावती दयाल को नर्सिंग सुपरिटेंडेंट बनाया गया है।

मीडिया की भूमिका और आगे की कार्रवाई

गौरतलब है कि यह मामला सोमवार को मीडिया में प्रमुखता से सामने आया था, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और ताबड़तोड़ कार्रवाई की। अब अस्पताल परिसर में चूहों के खात्मे के लिए पेस्ट कंट्रोल अभियान तेज करने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!