Re. No. MP-47–0010301

Tiger: टाइगर रिजर्व में दो बाघों की मौत

टाइगर रिजर्व के बाहर करंट से दो बाघों की मौत, शहडोल में वन्यजीव सुरक्षा पर बड़ा सवाल

शहडोल।
शहडोल जिले के जयसिंहनगर वन परिक्षेत्र में टाइगर रिजर्व क्षेत्र से बाहर रविवार रात करंट की चपेट में आने से एक नर और एक मादा बाघ की संदिग्ध मौत हो गई। करपा बीट क्षेत्र में हुई इस घटना से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ वन अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी गई।

https://www.facebook.com/share/r/189BK8A6NZ/

वन विभाग को रविवार रात सर्किल मसिरा के आरएफ-382 क्षेत्र के पास एक बाघ का शव मिलने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच के दौरान सोमवार तड़के उसी क्षेत्र में एक बाघिन का शव भी बरामद हुआ। दोनों शव राजस्व क्षेत्र में एक-दूसरे के बेहद नजदीक पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि दोनों बाघों की मौत एक ही घटना में हुई है।

फसल बचाने के लिए बिछाया गया था अवैध बिजली तार

मौके से मिले साक्ष्यों और प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि दोनों बाघों की मौत बिजली के करंट से हुई है। जांच में सामने आया है कि एक किसान ने अपनी फसल को जंगली जानवरों से बचाने के उद्देश्य से खेत में अवैध रूप से बिजली का तार बिछा रखा था। इसी तार की चपेट में आने से दोनों बाघों की मौके पर ही मौत हो गई।

वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत गंभीर अपराध

डीएफओ तरुणा वर्मा ने बताया कि दो बाघों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और यह मामला वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। नियमानुसार दोनों बाघों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

डॉग स्क्वॉड और विशेषज्ञ दल तैनात

मामले की जांच के लिए वन विभाग की डॉग स्क्वॉड, फील्ड स्टाफ और अन्य विशेषज्ञ दल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं। संबंधित किसान की भूमिका की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों और स्थानीय लोगों में गहरी चिंता देखी जा रही है, वहीं टाइगर रिजर्व से सटे इलाकों में वन्यजीव सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

https://sidhi24news.in/archives/28441

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!