Re. No. MP-47–0010301

Sarai:रेत माफियाओं पर सरई पुलिस की कार्रवाई,

रेत माफियाओं पर सरई पुलिस की बड़ी और सख्त कार्रवाई, 5 लाख से अधिक की रेत सहित ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

बिहारी लाल गुप्ता की रिपोर्ट,

सरई। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सरई पुलिस ने कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत से लदा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में प्रभारी थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सूरज सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई संपन्न की गई। पुलिस को बुधवार गुरूवार की दरम्यानी रात सूचना प्राप्त हुई कि सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमगड़ी रेलवे पुल के समीप शासकीय खनिज संपदा रेत का अवैध उत्खनन कर निजी लाभ के उद्देश्य से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना नंबर का नीले रंग का सोनालिका कंपनी का ट्रैक्टर, जिसमें अवैध रेत से भरी ट्रॉली लोड थी, जब्त कर लिया। मामले में अपराध क्रमांक 78/26 के तहत धारा 303(2) एवं 317(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये तथा रेत की कीमत लगभग 5 हजार रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती लगभग 5 लाख 5 हजार रुपये की है। वाहन को सरई थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है तथा पृथक अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वाहन स्वामी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही ट्रैक्टर के राजसात की कार्यवाही हेतु पृथक प्रतिवेदन कलेक्टर को प्रेषित किया जा रहा है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक सूरज सिंह, सहायक उपनिरीक्षक उपेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक अनुराग मिश्रा, आरक्षक ओंकारनाथ कुशवाहा, हरिभजन सिंह, रिंकू धाकड़, तेजभान सिंह एवं संतोष राठौर की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

Recent Post

Live Cricket Update

You May Like This

error: Content is protected !!