सिंहस्थ-2028 होगा अब तक का सबसे भव्य आयोजन, श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं: सीएम डॉ. मोहन यादव
40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान, क्षिप्रा पर बनेंगे 22 नए पुल, पुराने अनुभवों से तैयार होगा नया सिंहस्थ

उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को उज्जैन में आयोजित ‘सिंहस्थ 2016 का अनुभव, सिंहस्थ 2028 का संकल्प’ कार्यशाला में कहा कि सिंहस्थ-2028 को अब तक का सबसे भव्य, सुव्यवस्थित और सुविधायुक्त आयोजन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर अधोसंरचना विकसित की जा रही है और पड़ोसी राज्यों के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंहस्थ-2028 में 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है, जबकि करीब 4 करोड़ श्रद्धालु अमृत स्नान करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्षिप्रा नदी पर 22 नए पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा सड़क, घाट, आवागमन, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।
कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ से जुड़े अपने पुराने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने बताया कि 1980 के दशक में वे स्काउट-गाइड के सदस्य के रूप में सिंहस्थ में सेवाएं दे चुके हैं, जबकि वर्ष 1992 में सिंहस्थ समिति का हिस्सा भी रहे। उन्होंने एक रोचक प्रसंग सुनाते हुए बताया कि एक बार कार्यालय के बाहर एक कर्मचारी ने उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया था, जिसे उन्होंने मुस्कुराते हुए याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल उज्जैन का नहीं बल्कि पूरे देश का आयोजन है। इसलिए इसकी तैयारियों में अनुभवी लोगों, विभिन्न विभागों और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा आयोजन करना है, जो श्रद्धालुओं के लिए यादगार और व्यवस्थाओं के लिहाज से उदाहरण बने।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में उज्जैन में काफी बदलाव आया है। शहर की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया गया है, घाटों का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया गया है तथा श्रद्धालुओं के ठहरने और आवागमन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। रेलवे और अन्य परिवहन सुविधाओं में हुए विस्तार का लाभ भी इस बार सिंहस्थ में मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग और बेहतर योजना के साथ सिंहस्थ-2028 को ऐतिहासिक और दिव्य आयोजन के रूप में आयोजित किया जाएगा।
https://sidhi24news.in/archives/30031









