रौहाल मेडरा के जंगल में पेड़ गिरने से कुसमी–पोड़ी मार्ग दो घंटे रहा बाधित, अन्नदूत सहित कई वाहन फंसे
कुसमी। सीधी जिले के कुसमी तहसील अंतर्गत कुसमी–पोड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित रौहाल मेडरा के जंगल में गुरुवार को अचानक एक विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के कारण अन्नदूत वाहन सहित कई छोटे-बड़े वाहन दोनों ओर करीब दो घंटे तक फंसे रहे, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उचित मूल्य की दुकानों तक खाद्यान्न पहुंचाने जा रहा अन्नदूत वाहन भी पेड़ गिरने के कारण रास्ते में ही रुक गया। इसके अलावा निजी वाहन, यात्री वाहन और अन्य चारपहिया वाहन भी सड़क के दोनों ओर लंबी कतार में खड़े रहे। अचानक मार्ग बंद होने से लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
https://www.facebook.com/share/v/1CpsJ2PorJ/
घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आपसी सहयोग से पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पेड़ हटाया गया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका और फंसे हुए वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क किनारे कई पुराने और जर्जर पेड़ खड़े हैं, जो तेज हवा या बारिश के दौरान कभी भी गिर सकते हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ नहीं हटाया जाता, तो जाम कई घंटों तक बना रह सकता था और खाद्यान्न आपूर्ति भी प्रभावित होती।
ग्रामीणों ने वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि वर्षा ऋतु के दौरान सड़क किनारे स्थित सूखे और कमजोर पेड़ों का सर्वे कर उन्हें समय रहते हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।







