MPESB ने 1120 पदों पर निकाली भर्ती, आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों के लिए मौक
भोपाल- मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास क्षेत्र में बड़ी भर्ती प्रक्रिया शुरू की है। कौशल विकास संचालनालय के अंतर्गत आईटीआई प्रशिक्षण अधिकारियों के 1120 से अधिक पदों पर भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। इस भर्ती में केवल मध्यप्रदेश के मूल निवासियों को ही आवेदन का अवसर मिलेगा।
जारी सूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 17 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। भर्ती परीक्षा 27 फरवरी 2026 को ऑनलाइन माध्यम से दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक निर्धारित की गई है।
भर्ती प्रक्रिया में सामान्य, ईडब्ल्यूएस, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी, महिला, पूर्व सैनिक और दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। मध्यप्रदेश सरकार के मॉडल रोस्टर नियम-2019 के तहत 27 प्रतिशत सीटें ओबीसी वर्ग के लिए, 20 प्रतिशत एसटी, 16 प्रतिशत एससी और 10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए आरक्षित की गई हैं।
इस भर्ती में सीधी भर्ती के साथ-साथ बैकलॉग पदों को भी शामिल किया गया है। पदों को दो वर्गों में विभाजित किया गया है। एक वर्ग में संबंधित ट्रेड में डिग्री या डिप्लोमा धारक अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि दूसरे वर्ग में आईटीआई ट्रेड सर्टिफिकेट धारकों को अवसर दिया जाएगा। प्रत्येक ट्रेड में पदों का बंटवारा 50-50 प्रतिशत के आधार पर किया गया है।
आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रुपये और एससी, एसटी, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है। कियोस्क के माध्यम से आवेदन करने पर 60 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
भर्ती परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है। चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी, जिसमें ऑनलाइन परीक्षा, दस्तावेज सत्यापन और चरित्र व स्वास्थ्य प्रमाण पत्र शामिल हैं।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए आधार कार्ड या फोटो पहचान पत्र अनिवार्य होगा। मोबाइल फोन, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जाएगा।








