भालू का आतंक: भाई-बहन को मारकर नोचता रहा
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में भालू के हमले में भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना बुधवार दोपहर नरहरपुर वन परिक्षेत्र के लारगांव मरकाटोला गांव की है। हादसे के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान हलाल जुर्री (45) और उनकी बहन खोरीन बाई (40) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालू ने दोनों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं, हमले के बाद वह काफी देर तक शवों के पास ही मंडराता रहा और उन्हें नोचता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
https://www.facebook.com/share/r/1JErc19F4j/
तीन ग्रामीण गंभीर घायल
भालू के हमले में तीन अन्य ग्रामीण भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
गांव के आसपास ही मौजूद है भालू
घटना के बाद भी भालू गांव के आसपास ही देखा गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और भालू की निगरानी शुरू कर दी। साथ ही ग्रामीणों से जंगल और भालू से दूर रहने की अपील की गई है।
मानसिक रूप से असामान्य होने की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित भालू का व्यवहार असामान्य है। ग्रामीणों का दावा है कि कुछ समय पहले इसी भालू ने अपने शावक को भी मार डाला था। इसकी सूचना वन विभाग को पहले ही दे दी गई थी और कुछ क्षेत्रों में मुनादी भी कराई गई थी, लेकिन गांव के छोटेपारा इलाके में समय पर चेतावनी नहीं पहुंच सकी।
वन विभाग पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भालू की गतिविधियों की जानकारी पहले से होने के बावजूद विभाग ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। यदि समय रहते सुरक्षा के उचित इंतजाम किए जाते, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।
फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है और भालू को सुरक्षित तरीके से पकड़ने या जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
https://sidhi24news.in/archives/30275









