Re. No. MP-47–0010301

कांधे पर शव की क्या मजबूरी?

कांधे पर शव की क्या मजबूरी…? सिस्टम का फेलियर या जिम्मेदारो की अनदेखी

सिंगरौली। विकास के दावों के बीच सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत दुधमनियां गांव से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल सड़क व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांव में कच्ची और कीचड़युक्त सड़क के कारण 16 वर्षीय किशोर के शव को परिजनों और ग्रामीणों को खाट पर रखकर करीब आधा किलोमीटर पैदल मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।

https://www.facebook.com/share/v/1HV6AwKGUt/

सड़क बनी अंतिम यात्रा में सबसे बड़ी बाधा

जानकारी के अनुसार, दुधमनियां निवासी 16 वर्षीय सुनील सिंह, पिता राजमोहन सिंह, की शुक्रवार को मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के लिए शव को मुख्य सड़क तक पहुंचाना था, लेकिन लगातार बारिश के कारण संपर्क मार्ग कीचड़ और दलदल में बदल गया। खराब सड़क के कारण कोई वाहन गांव तक नहीं पहुंच सका। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों ने मजबूरी में शव को खाट पर रखकर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।

बरसात में कट जाता है गांव का संपर्क

स्थानीय निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गांव से मुख्य सड़क तक करीब दो किलोमीटर लंबा मार्ग पूरी तरह कच्चा है। बारिश के दौरान यह रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है, जिससे लोगों का आवागमन ठप हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि केवल शव ही नहीं, बल्कि मरीजों और गर्भवती महिलाओं को भी हर बरसात में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई वर्षों से पक्की सड़क और जल निकासी व्यवस्था की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।

किशोर ने की थी आत्महत्या

सरई थाना प्रभारी प्रहलाद मैस्क्युले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। परिजनों के अनुसार, पिछले लगभग दो सप्ताह से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को सरई तक लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की थी, लेकिन सड़क की अत्यंत खराब स्थिति के कारण एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। उन्होंने स्वीकार किया कि सड़क की बदहाली के कारण ही ऐसी स्थिति बनी।

जिम्मेदारों पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क बंद हो जाने से गांव का संपर्क टूट जाता है। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र पक्की सड़क और बेहतर जल निकासी व्यवस्था बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी पीड़ा का सामना न करना पड़े।

https://sidhi24news.in/archives/30264

Advertisement

Leave a Comment

error: Content is protected !!